⚡ ब्रेकिंग News

बाबा मंशा राम मंदिर में टप्पेबाजों का आतंक: दो महिला श्रद्धालुओं के मंगलसूत्र और लॉकेट पर किया हाथ साफ

दर्शन-पूजन के दौरान भीड़ का उठाया फायदा, पुलिस ने चार टीमें गठित कर शुरू की आरोपियों की तलाश

जिला संवाददाता विकास मिश्रा
बिसवां (सीतापुर)। कस्बे के प्रसिद्ध बाबा मंशा राम मंदिर में सोमवार को दर्शन-पूजन के दौरान दो महिला श्रद्धालु टप्पेबाजों का शिकार हो गईं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र और दूसरी महिला के गले से लॉकेट चोरी कर लिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डायल 112 और बिसवां पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार कैथी टोला निवासी गीता पांडे अपनी बहू साक्षी पांडे के साथ बाबा मंशा राम मंदिर में दर्शन करने आई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात टप्पेबाज उनके गले से मंगलसूत्र पार कर फरार हो गए।

इसी क्रम में इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी रजनी अपनी बेटी का मुंडन संस्कार कराने मंदिर पहुंची थीं। दर्शन के दौरान उनके गले में पहना लॉकेट भी अज्ञात टप्पेबाज चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बिसवां राम राघव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़ितों से जानकारी ली और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षित चौहान ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...