⚡ ब्रेकिंग News

कोर्ट का आदेश भी बेअसर: मेड़बंदी न होने से भड़के ग्रामीण, SDM सिधौली के खिलाफ शहीद स्मारक पर धरना

राजस्व अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप, 'न्याय दो' के नारों से गूंजा शहीद स्मारक; आदेश लागू न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

(जिला संवाददाता विकास मिश्रा) सीतापुर/सिधौली। तहसील सिधौली के अटरिया कस्बे में राजस्व न्यायालय के मेड़बंदी संबंधी आदेश का लंबे समय तक पालन न होने से नाराज ग्रामीण सोमवार को शहीद स्मारक पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी (SDM) सिधौली एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और न्याय दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को राजस्व न्यायालय ने उनके पक्ष में मेड़बंदी का अंतिम आदेश पारित किया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद आदेश का अनुपालन नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने और तहसील के लगातार चक्कर लगाने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिला, जिससे उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने उपजिलाधिकारी सिधौली को ज्ञापन देकर न्यायालय के आदेश को तत्काल लागू कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण धरना देकर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
धरने के दौरान शहीद स्मारक परिसर "न्याय दो, न्याय दो" के नारों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि न्यायालय के आदेशों का ही पालन नहीं होगा, तो आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि न्यायालय के आदेश का तत्काल अनुपालन कराते हुए मेड़बंदी की कार्रवाई पूरी कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं प्रशासन की होगी।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...