ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, परिवार सुरक्षित; राजस्व विभाग करेगा नुकसान का आकलन
जिला संवाददाता सत्य प्रकाश शुक्ला
सीतापुर, सकरन। थाना सकरन क्षेत्र के सुमरावां गांव में सोमवार दोपहर करीब एक बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव निवासी प्यारेलाल पुत्र शंभू के दो मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बाल्टियों, पाइप तथा मिट्टी की सहायता से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस भीषण अग्निकांड में घर में रखी 22 हजार रुपये की नकदी, मोटरसाइकिल के कागजात, महत्वपूर्ण दस्तावेज, कपड़े, अनाज, जेवर, घी सहित गृहस्थी का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित प्यारेलाल ने बताया कि नकदी उन्होंने हाल ही में मिर्च बेचकर घर में रखी थी, जो आग की भेंट चढ़ गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। घर का अधिकांश सामान नष्ट हो जाने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल विकास कश्यप मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना राजस्व विभाग को भेज दी गई है। नुकसान का आकलन कर शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।
एक टिप्पणी भेजें