जिला संवाददाता : विकास मिश्रा
सांडा/सकरन (सीतापुर)। सकरन विकास क्षेत्र के सांडा कस्बे में शनिवार को तेज रफ्तार और असंतुलित मोटरसाइकिल की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला का पैर टूट गया, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम पुरवा मजरा सांडा निवासी स्वर्गीय महेश्वर की पत्नी शिवदुलारी दवा लेने के लिए अपने घर से सांडा जा रही थीं। इसी दौरान तालाब के पास यूपी 34 एस 8457 नंबर की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला कई फीट दूर सड़क पर जा गिरी।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बाइक चालक को पकड़ लिया। चालक ने अपना नाम संदीप, निवासी रेंधौरा (कुचलैया) बताया।
ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान महिला का पैर टूटने की पुष्टि की और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है।
एक टिप्पणी भेजें