वीएचएसएनडी सत्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण रिकॉर्ड की जांच
जिला संवाददाता विकाश मिश्रा
सीतापुर/बिसवां। जनपद सीतापुर के विकास खंड बिसवां अंतर्गत ग्राम पंचायत बघैया स्थित पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं टीकाकरण व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया।जिलाधिकारी ने एएनएम से एचआरपी, गर्भवती महिलाओं, सैम एवं मैम बच्चों से संबंधित ट्रैकिंग रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा टीकाकरण संबंधी अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सत्र में मौजूद महिलाओं से संवाद कर बच्चों के टीकाकरण की स्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
गर्भवती महिलाओं के रजिस्टर की जांच में 13 गर्भवतियों का पंजीकरण पाया गया, जिनके टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईस बॉक्स एवं वैक्सीनेशन किट की जांच की, जिसमें एक वैक्सीन एक्सपायर पाई गई।
एक्सपायर वैक्सीन मिलने को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित एएनएम के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ड्यू लिस्ट का अवलोकन कर टीकाकरण कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को समय पर टीकाकरण एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें