⚡ ब्रेकिंग News

सिधौली समाधान दिवस में अफसरों की लापरवाही उजागर, 81 में सिर्फ 7 शिकायतों का निस्तारण

अनुपस्थित अधिकारियों पर एसडीएम अवनीश कुमार सख्त, दबंगों के कब्जे और जर्जर सड़क का मुद्दा छाया रहा

जिला संवाददाता: विकास मिश्रा
सिधौली, सीतापुर। तहसील सभागार सिधौली में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की लापरवाही खुलकर सामने आ गई। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अवनीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण मौके पर मात्र 7 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। इस स्थिति पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए लापरवाह अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया।

दबंगों के कब्जे से परेशान ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें अवैध कब्जों और चकमार्गों को लेकर सामने आईं।

भरौना गांव निवासी सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव के कुछ दबंगों ने सार्वजनिक रास्ते पर मवेशी बांधकर कब्जा कर लिया है। पूर्व में पुलिस प्रशासन द्वारा रास्ता खाली कराया गया था, लेकिन दबंगों ने दोबारा कब्जा कर लिया। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई।
वहीं मानपुर निवासी मुन्ना लाल और पतारा कला निवासी रामप्रताप सिंह ने खेतों तक जाने वाले चकमार्ग और मेड़ों पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

साल भर में उखड़ गई सड़क, भ्रष्टाचार के आरोप

समाधान दिवस में क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। भाजपा नेता ओम प्रकाश मिश्र ने मिश्रिख मार्ग से बाड़ी तक बनी सड़क की दुर्दशा का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में निर्मित सड़क मानकों की अनदेखी कर बनाई गई थी। परिणामस्वरूप सड़क एक वर्ष के भीतर ही पूरी तरह जर्जर हो गई है और आवागमन में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की।

समाधान दिवस की व्यवस्था पर उठे सवाल

संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना होता है, लेकिन 81 शिकायतों में से केवल 7 मामलों का निस्तारण होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अधिकारियों की अनुपस्थिति और विभागीय उदासीनता के कारण अधिकांश शिकायतकर्ता निराश होकर लौटे।

एसडीएम अवनीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।

अब 74 लंबित शिकायतों पर कार्रवाई का इंतजार

समाधान दिवस के बाद लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि लंबित 74 शिकायतों का निस्तारण कितनी तेजी से होता है और दबंगों के कब्जे, चकमार्ग विवाद तथा जर्जर सड़क जैसे गंभीर मामलों में प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...