⚡ ब्रेकिंग News

बिजली कटौती पर भाकियू लोकतांत्रिक का अल्टीमेटम, विशाल आंदोलन की चेतावनी

अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान किसान-जनता, जल्द सुधार न होने पर होगा जनआंदोलन

विकास मिश्रा, जिला संवाददाता
सीतापुर। जनपद में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या और विद्युत विभाग की कार्यशैली के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जिलेभर में किसानों और आम जनता के साथ विशाल आंदोलन किया जाएगा।

भाकियू (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा तथा जिला अध्यक्ष अमित कुमार बबलू सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती से किसान, छात्र, व्यापारी और आम नागरिक गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

नेताओं ने बताया कि वर्तमान समय में किसान धान की नर्सरी, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों में व्यस्त हैं, लेकिन पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं भीषण गर्मी में आम जनता भी बिजली संकट से परेशान है।

संगठन ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग को बार-बार शिकायतें दिए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

भाकियू लोकतांत्रिक के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो संगठन जनपद स्तर पर व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों और जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

संगठन ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली व्यवस्था में सुधार करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की है। साथ ही संकेत दिया कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में आंदोलन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

 

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...