डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई
जिला संवाददाता देशराज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान टीआई महानगर प्रमेश पाठक ने अपनी टीम के साथ हनुमान सेतु के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन पाए गए जिनमें अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगी हुई थी तथा कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ते मिले।
ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4 वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई और संबंधित वाहन चालकों का चालान भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाएं तथा किसी भी प्रकार की अवैध ब्लैक फिल्म का प्रयोग न करें।
ट्रैफिक पुलिस का संदेश है कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की गारंटी है।
एक टिप्पणी भेजें