मौरंग भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई थी गंभीर रूप से घायल, हरदोई के मल्लावां में मातम; फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगर्स पार्क चौराहे पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 22 वर्षीय नर्स साधना आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाने से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के मल्लावां क्षेत्र निवासी साधना लखनऊ में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। मंगलवार सुबह वह अपने काम पर जा रही थीं, तभी जोगर्स पार्क चौराहे के पास मौरंग से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में साधना ट्रॉली के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से साधना को ट्रॉली के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया। कई घंटों तक चले इलाज और चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
साधना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनके पैतृक गांव मल्लावां में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक टिप्पणी भेजें