प्रसव पूर्व तैयारी और सुरक्षित मातृत्व पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
सिधौली, सीतापुर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिधौली में शुक्रवार को प्रसव पूर्व तैयारी एवं देखभाल को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिधौली ब्लॉक के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं एएनएम (ANM) को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना रहा।
यह प्रशिक्षण जपाइगो संस्था की पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत सिधौली ब्लॉक में की जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक ने किया।
जपाइगो संस्था की राज्य स्तरीय टीम से पहुंचे असिस्टेंट मैनेजर डॉ. अमनिंदर ने प्रसव पूर्व देखभाल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, संतुलित आहार और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से मां और शिशु दोनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र, डॉ. निरुपमा जायसवाल तथा जनपद स्तरीय जपाइगो टीम से सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर जैस्मिन, अफसर, नवीन और हनुमंत ने भी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रसव पूर्व तैयारियों, जोखिम पहचान और सुरक्षित डिलीवरी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को गर्भवती महिलाओं की बेहतर निगरानी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
एक टिप्पणी भेजें