प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील, सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के निर्देश
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
सिधौली। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को सिधौली कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अवनीश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र सिंह ने कहा कि कुर्बानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन इसके बाद साफ-सफाई एवं अवशेषों के उचित निस्तारण का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अक्सर अवशेष खुले में छोड़ दिए जाने से विवाद एवं गंदगी की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें।
क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता ने निर्देश देते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों को कम से कम 5 से 10 फीट गहरे गड्ढे में दबाकर नष्ट किया जाए, जिससे दुर्गंध एवं संक्रमण जैसी समस्याएं न फैलें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कुर्बानी से संबंधित सामग्री को ढककर ले जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
उपजिलाधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि बाड़ी, अहमदपुर जट एवं गड़िया हसनपुर को सामूहिक कुर्बानी स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कुर्बानी स्थलों के आसपास सड़क, नाली, पानी या अन्य किसी प्रकार की समस्या हो तो प्रशासन को पूर्व में सूचित किया जाए, जिससे समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
बैठक में कस्बा इंचार्ज सहित सभी उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इसके अलावा देवी दयाल राठौर, सभासद हरिनाम, संतोष राजपूत, सय्यद मौलवी, मौलाना जियाउद्दीन, प्रधान अमान, जकी अहमद, प्रधान खुरशेद, सगीर अहमद, जमाल अहमद एवं प्रधान रोहित सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए ईद पर्व मनाने की अपील की।
एक टिप्पणी भेजें