बहन ने जारी किया वीडियो, कहा- “पावरफुल लोगों की प्रताड़ना का शिकार हुई रत्ना”
फरार चल रहे पांचों आरोपी गिरफ्तार, होटल-सैलून सील, बुलडोजर कार्रवाई से मचा हड़कंप
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सलून मैनेजर रत्ना सिंह की आत्महत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में मृतका की बहन प्रिया सिंह ने एक भावुक वीडियो जारी कर परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन “पावरफुल लोगों की प्रताड़ना” का शिकार हुई थी और उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली 32 वर्षीय रत्ना सिंह लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित शालीमार विस्ता अपार्टमेंट में रहती थीं और एक नामी सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि 12 मई की देर रात रत्ना ने अपनी एक दोस्त को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 3 बजे फ्लैट पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो रत्ना का शव पंखे से लटका मिला।
घटना के बाद रत्ना के पिता सुधीर सिंह ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। कार्रवाई में देरी होने पर परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू की।
मुख्य आरोपी बिजनेसमैन शरद सिंह, उसकी पत्नी पल्लवी जोशी, वैशाली, प्रशांत शर्मा और मंगलनाथ यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पल्लवी महाराष्ट्र में और वैशाली गोमती नगर क्षेत्र में छिपी हुई थी, जहां से दोनों को दबोचा गया। पुलिस पहले ही मंगलनाथ यादव को गिरफ्तार कर चुकी थी।
आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और उनकी तलाश में छह टीमें लगाई गई थीं। प्रशासन ने आरोपी शरद सिंह के होटल और सैलून को सील कर दिया, जबकि उसके अपार्टमेंट पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शरद सिंह और उसकी पत्नी पल्लवी सैलून, होटल और रियल एस्टेट का कारोबार चलाते थे। मृतका रत्ना सिंह उनके सैलून में मैनेजर थीं। आरोप है कि रत्ना पर गलत काम करने का दबाव बनाया जा रहा था और बाकी आरोपी इसमें सहयोग कर रहे थे।
मृतका की बहन प्रिया सिंह ने वीडियो जारी कर कहा,
मैं उन सभी लड़कियों के लिए बोल रही हूं जो रसूखदार लोगों की प्रताड़ना का शिकार होती हैं। रत्ना बहुत मजबूत और जिंदादिल लड़की थी। वह अपने सपने पूरे करना चाहती थी, लेकिन उसे मानसिक रूप से इतना परेशान किया गया कि उसने यह कदम उठा लिया।
इस सनसनीखेज मामले ने राजधानी में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और कथित प्रताड़ना के पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
एक टिप्पणी भेजें