ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 28 वर्षीय आमिर सुहेल की मौके पर मौत, चालक फरार
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
लहरपुर/सीतापुर।
लहरपुर सीतापुर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव उसके घर पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में मातम छा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने मृतक के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी आमिर सुहेल पुत्र शाकिर अली मंगलवार को किसी कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान लहरपुर-सीतापुर मार्ग पर ग्राम पारा चौराहा, कोतवाली तालगांव क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आमिर सुहेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक आमिर सुहेल दो भाइयों में एक था और नगर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
एक टिप्पणी भेजें