जिला संवाददाता विकास मिश्रा
सीतापुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन सीतापुर में यूपी-112 बेड़े में शामिल 08 नई दोपहिया वाहनों (मोटरसाइकिल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने नई बाइक पीआरवी को रवाना किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि नई मोटरसाइकिल पीआरवी के शामिल होने से संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी। इससे यूपी-112 की रिस्पांस टाइम में सुधार आएगा और आमजन को आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक संसाधनों से लैस यह नई व्यवस्था अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें