ट्रांसफार्मर न लगने से महिलाओं का हंगामा, जेई बोले- शनिवार तक बहाल होगी बिजली
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
पिसावां, सीतापुर।
पिसावां विकास खंड क्षेत्र की ससुर्दीपुर ग्राम पंचायत के मजरा नेवदिया गांव में बिजली संकट से परेशान महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। दर्जनों महिलाओं ने बिजली उपकेंद्र पहुंचकर घेराव किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया।
महिलाओं का कहना था कि 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान में गांव की बिजली लाइन के चार पोल टूट गए थे और ट्रांसफार्मर भी गिर गया था। विभाग द्वारा पोल तो लगा दिए गए, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न होने से पंखे, पानी की मोटर समेत अन्य जरूरी उपकरण बंद पड़े हैं और भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान केतुकी, राजबेटी, वंदना, रोशनी, रामप्यारी और शशि सहित कई महिलाओं ने बताया कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और घरेलू कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पिसावां थाने से एसआई दिवाकर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाकर शांत कराया।
वहीं मौके पर पहुंचे नवनियुक्त जेई बबलू यादव ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को आश्वासन दिया कि शनिवार तक गांव में नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद महिलाएं शांत हुईं और वापस गांव लौट गईं।
जेई बबलू यादव ने बताया कि आंधी-तूफान की वजह से क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें