चार दिनों से शिकायत लेकर भटक रही महिला उपनिरीक्षक, पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
संवाददाता: देशराज,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रयागराज में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक (दरोगा) ने अपने ससुर पर जबरन दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है, जिसके चलते वह पिछले चार दिनों से लगातार पारा थाने के चक्कर लगाने को मजबूर है।जानकारी के अनुसार पीड़िता मूल रूप से पारा थाना क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में प्रयागराज में उपनिरीक्षक पद पर तैनात है। महिला ने बताया कि उसका विवाह 14 फरवरी 2025 को शुभम सिंह के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
महिला का कहना है कि उसने अंतरजातीय विवाह किया था, जिसके कारण ससुराल पक्ष उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने और शिकायत करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने अपने पति, सास और ननद पर भी प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि जब उसने इस घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी तो उन्होंने उसका साथ देने के बजाय उसे ही परेशान करना शुरू कर दिया।
महिला उपनिरीक्षक का आरोप है कि वह लगातार पारा थाने में शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग को लेकर जा रही है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
फिलहाल मामले ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें