इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त, शांति और भाईचारे की अपील
जिला संवाददाता देशराज,
लखनऊ। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के निर्देशन में इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बुधवार शाम भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद करते हुए त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने या किसी भी प्रकार की खुराफात करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अफवाह या शरारती गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कमिश्नरेट पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है और लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
एक टिप्पणी भेजें