अखिलेश यादव के खिलाफ कथित आपत्तिजनक होर्डिंगों पर बवाल, प्रदर्शन कर SP-DM को सौंपा ज्ञापन
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए कथित आपत्तिजनक होर्डिंगों को लेकर बुधवार को उन्नाव में सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जुटे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (SP) और जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन सौंपकर होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सब राजनीतिक दुर्भावना के तहत कराया गया है ताकि जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाया जा सके।
पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है, वहीं लगातार बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनसमस्याओं पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक माहौल खराब करने में लगी हुई है।
जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में सुधीर रावत, उदयराज यादव, धर्मेंद्र यादव, आंचल वर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अमला सतर्क नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
एक टिप्पणी भेजें