ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा, ग्रामीणों ने बाहर निकालकर बचाई जान
जिला संवाददाता विकाश मिश्रा। लहरपुर/सीतापुर।
जिला सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तहसील मार्ग के निकट एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसकी पत्नी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम लच्छन नगर निवासी राजकुमार (50 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ ई-रिक्शा से लखीमपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान तहसील मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा में फंसे चालक राजकुमार व उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जबकि ई-रिक्शा को मामूली नुकसान पहुंचा।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि चालक राजकुमार नशे की हालत में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि घटना के बाद ई-रिक्शा को सीधा कर चालक अपनी पत्नी के साथ लखीमपुर के लिए रवाना हो गया।
एक टिप्पणी भेजें