⚡ ब्रेकिंग News

उन्नाव पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन लूटकांडों का पर्दाफाश, 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार

 ज्वैलर्स लूट, बाइक छिनैती और राहगीर से लूट का खुलासा; पंजाब-उन्नाव गैंग दबोचा

उन्नाव। जनपद में लगातार हुई तीन सनसनीखेज लूट की घटनाओं का उन्नाव पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पंजाब और एक उन्नाव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन, लूटी गई बाइकें और एक मिनी ग्लॉक पिस्टल मय कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली सदर, बीघापुर, अचलगंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई।

पुलिस के अनुसार 19 मई को थाना बीघापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति से बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली गई थी। इसी दिन थाना अचलगंज क्षेत्र में अपाचे बाइक लूट की घटना सामने आई। वहीं 20 मई को कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित चंदेलिया जयकृष्णा ज्वैलर्स में बदमाशों ने मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी। तीनों घटनाओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर सात पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने गंगाघाट क्षेत्र से लूटी गई अपाचे और स्प्लेंडर बाइक बरामद की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी कानपुर रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें विभिन्न जिलों और जीआरपी को भेजीं।

सूचना मिलने पर जीआरपी अलीगढ़ ने दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि दो आरोपी गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किए गए। उन्नाव पुलिस दोनों स्थानों से आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली सदर लाई, जहां पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजीत कुमार उर्फ गोलू निवासी बीघापुर उन्नाव, दिलावर उर्फ गोला, अक्षय उर्फ रनवीर और मनप्रीत निवासी पंजाब बताए।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर, 4500 रुपये नकद, रेडमी मोबाइल फोन, कैलकुलेटर तथा एक मिनी ग्लॉक पिस्टल मय चार कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली सदर, बीघापुर, अचलगंज पुलिस एवं स्वाट टीम की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...