संवाददाता देशराज ||राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अहमदपुर मजरा करेसर में खेत विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां दबंगों द्वारा एक किसान के खेत में लगे एक दर्जन से अधिक पेड़ों को अवैध रूप से काटने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर किसान और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है।
पीड़ित किसान भईयालाल ने थाना माल में लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके खेत में लगे लीची और बबूल के हरे-भरे पेड़ों को देर रात दबंगों द्वारा चोरी-छिपे काट लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन आरोपी पक्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इस अवैध कटान का विरोध किया तो आरोपी मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान किसान के बेटे पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार का कहना है कि आरोपी पहले से ही जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। “पूरा परिवार खत्म कर देंगे” जैसी धमकियों के कारण परिवार दहशत में जी रहा है।
घटना की सूचना तत्काल 112 पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या दबंगों के आगे कानून बेबस है?
क्या पीड़ित परिवार को समय पर न्याय मिल पाएगा?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता दिखाता है।
Post a Comment