⚡ ब्रेकिंग News

त्योहारों से पहले बिसवां में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, मिठाई दुकानों से पनीर, दूध व लड्डू के नमूने जांच को भेजे

एसडीएम आकांक्षा गौतम व सीओ हर्षित चौहान के नेतृत्व में संयुक्त अभियान, स्वच्छता में खामियां मिलने पर दुकानदारों को नोटिस, मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिला संवाददाता विकास मिश्रा
बिसवां/सीतापुर। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बिसवां कस्बे में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षित चौहान के नेतृत्व में अधिकारियों ने नगर की प्रमुख मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने ओम मिष्ठान भंडार एवं दीप स्वीट्स पर पहुंचकर मिठाइयों के निर्माण, भंडारण और बिक्री की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर, मिश्रित दूध तथा बूंदी के लड्डुओं के नमूने विधिवत एकत्र कर सील किए और परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

अभियान के दौरान मिठाई तैयार करने वाले स्थानों की साफ-सफाई और स्वच्छता की भी जांच की गई। निरीक्षण में कई स्थानों पर निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन नहीं पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार निगरानी कर रहा है। मिलावटी या घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे केवल विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...