पुलिस का दावा—फायरिंग कर भागने की कोशिश के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई, अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की बाइक और पीली धातु का कुंडल बरामद
जिला संवाददाता सत्य प्रकाश शुक्ला
सीतापुर। जनपद सीतापुर के थाना सकरन क्षेत्र में बुधवार देर रात एसओजी एवं थाना सकरन पुलिस की संयुक्त टीम और ₹25 हजार के इनामी वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध को रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, ओड़ा-झाड़ रसूलपुर रोड पर संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि युवक ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आशिक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना सकरन में दर्ज मुकदमा संख्या 200/2026 में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा पीली धातु का एक कान का कुंडल बरामद करने का दावा किया है।
क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल अभियुक्त का उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरामदगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
إرسال تعليق