अपराध पर अंकुश के लिए पुलिस की पहल, अपराध से दूरी और शांतिपूर्ण जीवन जीने का दिया संदेश
सकरन/सीतापुर।
जनपद सीतापुर के सकरन थाना परिसर में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र के चिन्हित 18 हिस्ट्रीशीटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने की, जिसमें सभी हिस्ट्रीशीटरों को कानून का पालन करने तथा भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, **"कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।"** उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को अपराध के रास्ते से हटाकर मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को कानून का सम्मान करने, समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई भी हिस्ट्रीशीटर किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध का दुष्परिणाम केवल अपराधी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके पूरे परिवार के भविष्य को भी प्रभावित करता है।
बैठक के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों को निर्देशित किया गया कि थाना क्षेत्र से बाहर जाने से पहले संबंधित थाने को सूचना दें तथा अपनी गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराते रहें। अंत में सभी ने अपराध से दूर रहने, कानून का पालन करने और समाज में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
पुलिस की इस पहल को अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे जागरूकता एवं निगरानी कार्यक्रमों से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
إرسال تعليق