रिपोर्ट : सत्य प्रकाश शुक्ला
महमूदाबाद (सीतापुर)। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को थाना महमूदाबाद में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पारिवारिक विवादों सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं न्यायसंगत समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें