अटरिया क्षेत्र में सड़क हादसे से मचा कोहराम, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
अटरिया/सीतापुर। थाना अटरिया क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। अज्ञात वाहन की टक्कर से संतोष सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही अटरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष सैनी किसी आवश्यक कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। संतोष सैनी अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मृत्यु से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना पर पहुंची अटरिया पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
एक टिप्पणी भेजें