जिला संवाददाता विकास मिश्रा,
सीतापुर। जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील महोली में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस अवसर पर महोली विधायक शशांक त्रिवेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
तहसील दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा विधिक प्रक्रिया के तहत मामलों का समाधान करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और फरियादियों को न्याय दिलाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
तहसील दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
एक टिप्पणी भेजें