⚡ ब्रेकिंग News

रेडिको खेतान में ड्राइवरों का फूटा गुस्सा

भाड़ा बढ़ाने और उत्पीड़न रोकने की मांग, दो दिन में समाधान न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

जिला संवाददाता विकास मिश्रा
सीतापुर। डीजल की बढ़ती कीमतों, कम भाड़े और कंपनी प्रबंधन की कथित मनमानी के खिलाफ सोमवार को सीतापुर में ड्राइवरों और मोटर मालिकों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। चालक संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ड्राइवरों और वाहन स्वामियों ने रेडिको खेतान प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए यूनिट हेड अंशुल श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।

चालक संघ के अध्यक्ष पिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि कंपनी द्वारा विभिन्न स्टेशनों के लिए दिया जा रहा भाड़ा मौजूदा परिस्थितियों के हिसाब से बेहद कम है। डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन भाड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही। इससे मोटर मालिक आर्थिक संकट में हैं और गाड़ियों की ईएमआई तक नहीं चुका पा रहे। वहीं ड्राइवरों को समय पर वेतन न मिलने से उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

संघ ने कंपनी की लोडिंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। ड्राइवरों का आरोप है कि यदि लोडिंग के दौरान किसी तरह की लीकेज होती है तो बिना जांच के उसका जिम्मेदार ड्राइवरों को ठहरा दिया जाता है और उनके पैसे काट लिए जाते हैं। चालक संघ ने मांग की कि माल लोड करने से पहले गाड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और बाद में होने वाली किसी भी लीकेज की जिम्मेदारी कंपनी स्वयं ले।

इसके अलावा ड्राइवरों ने परमानेंट गाड़ियों की नंबरिंग और सीनियरिटी के आधार पर अनलोडिंग व दोबारा लोडिंग की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। चालक संघ का कहना है कि इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और पक्षपात खत्म होगा।

मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था को लेकर भी ड्राइवरों में नाराजगी दिखाई दी। संघ ने कहा कि कंपनी परिसर में प्रवेश करते ही मोबाइल जमा कराए जाते हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में चालक अपने परिवार या वाहन मालिक से संपर्क नहीं कर पाते। इसे मानसिक उत्पीड़न बताते हुए तत्काल समाप्त करने की मांग की गई।

चालकों ने यह भी मांग रखी कि यदि किसी गाड़ी को लोडिंग या अनलोडिंग में 24 घंटे से अधिक समय लगता है तो ड्राइवरों को उचित हाल्टिंग सुविधा और भत्ता दिया जाए।

ज्ञापन सौंपते हुए चालक संघ ने साफ कहा कि यदि अगले दो दिनों में ट्रांसपोर्टरों, अधिकारियों और संघ प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक कर स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय चालक, ट्रांसपोर्टर और मोटर मालिक मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...