एसपी के सख्त निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, फरार इनामिया ‘बउआ’ समेत वारंटी पहुंचे सलाखों के पीछे
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
अटरिया, सीतापुर।
जनपद में फरार अपराधियों और न्यायालय से जारी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अटरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो वारंटियों और ₹25 हजार के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता के निर्देशन में थाना अटरिया पुलिस ने थानाध्यक्ष लाल बहादुर मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई की।
पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल संजय कुमार ने दबिश देकर न्यायालय से जारी वारंटों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हृदयशंकर पुत्र लल्लू निवासी बहादुरपुर मजरा कसावां थाना अटरिया शामिल है, जिसके खिलाफ भरण-पोषण कुर्की वारंट जारी था। वहीं मलखान पुत्र सुरेश लोध निवासी चन्दौली कोड़रिया थाना अटरिया को धारा 452, 323 और 504 आईपीसी के मामले में जारी एनबीडब्ल्यू के तहत गिरफ्तार किया गया।
₹25 हजार का इनामिया ‘बउआ’ भी गिरफ्तार
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामिया आरोपी आकाश कुमार उर्फ बउआ को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना अटरिया में दर्ज मुकदमा संख्या 133/2025 एवं 260/2025 में धारा 303(2), 317(2) और 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार उर्फ बउआ पुत्र स्वर्गीय मुरली, निवासी मरपा मजरा मुलुकपुर थाना इटौंजा जनपद लखनऊ का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
“कानून से भागना अब मुश्किल”
अटरिया पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि फरार अपराधियों, इनामिया बदमाशों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें