प्रेम में अंधे युवक की हैवानियत, मां पर शादी का दबाव बनाने के लिए मासूम बच्चे को बनाया निशाना
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में एकतरफा प्यार की सनक ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक युवक ने अपनी सनक और जुनून में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार अरांव क्षेत्र के गांव बामयी निवासी एक युवती की शादी बदायूं निवासी सुमित पाठक के साथ हुई थी। दोनों का एक डेढ़ साल का पुत्र था, जिसका नाम आरव था। परिवार सामान्य रूप से अपना जीवन व्यतीत कर रहा था, लेकिन युवती की बुआ सास का बेटा विराज उर्फ जितेंद्र पाठक उस पर गलत नजर रखता था।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उस पर शादी करने का दबाव बनाता था। युवती के शादीशुदा होने और मां बनने के बावजूद आरोपी अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं था। वह युवती के पति और उसके मासूम बेटे को अपने रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानता था।
शनिवार को युवती शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी स्थित अपनी मौसी के घर आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी भी वहां पहुंच गया। उसने परिवार के लोगों के सामने मासूम आरव को टॉफी दिलाने का बहाना बनाया और उसे गोद में उठाकर अपने साथ बाहर ले गया।
कुछ देर बाद जब बच्चा घर में दिखाई नहीं दिया तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि आरोपी ही बच्चे को लेकर बाहर गया है। इसी बीच आरोपी ने मासूम आरव को सड़क पर बेरहमी से पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया।
गंभीर हालत में मिले बच्चे को परिजन तत्काल शिकोहाबाद के संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मासूम की मौत से उठे कई सवाल
डेढ़ साल का मासूम आरव आखिर किस बात की सजा भुगत रहा था? जिसने अभी ठीक से दुनिया को देखना भी शुरू नहीं किया था, उसे एक सनकी युवक की हवस और जुनून का शिकार बनना पड़ा। इस दर्दनाक घटना ने रिश्तों, इंसानियत और समाज को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें