संपूर्ण समाधान दिवस में विधायक मनीष रावत की मौजूदगी, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
जिला संवाददाता विकास मिश्रा
सिधौली/सीतापुर। तहसील सिधौली में शुक्रवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासनिक अमला पूरी गंभीरता के साथ सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम में सिधौली विधायक मनीष रावत की उपस्थिति में जिलाधिकारी डॉ० राजागणपति आर० एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने फरियादियों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, आपूर्ति एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण होना चाहिए। वहीं विधायक मनीष रावत ने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाने की अपेक्षा जताई तथा कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर कई शिकायतों का निस्तारण भी कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
एक टिप्पणी भेजें