⚡ ब्रेकिंग News

खाकी की पैनी नजर से नहीं बच सका 'झूठ': सेल्समैन ने खुद रची थी 40 हजार की 'लूट' की साजिश


 दिनदहाड़े लूट की कहानी निकली फर्जी, पुलिस पूछताछ में टूटा आरोपी; अवैध तमंचा और नगदी बरामद

जिला संवाददाता विकास मिश्रा

सीतापुर। जनपद के थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में 12 मई को सामने आई कथित 40 हजार रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब सेल्समैन ने खुद ही लूट की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह ने किया।

जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को एक शराब सेल्समैन ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात बदमाशों ने उससे 40 हजार रुपये की नकदी लूट ली। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल जांच में जुट गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने सेल्समैन से गहन पूछताछ की, जिसमें उसके बयान बार-बार बदलते नजर आए।

पुलिस की मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने पूरी सच्चाई उगल दी। आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ शराब के नशे में था। इसी दौरान बाइक गिर गई और उसके पास मौजूद अवैध तमंचे से अचानक फायरिंग हो गई, जिससे वह घायल हो गया।

घटना को छिपाने और शराब बिक्री के पैसों को हड़पने के उद्देश्य से उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह व्यक्तिगत खर्चों और देनदारियों के दबाव में था तथा सोच रहा था कि लूट की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसे मालिक को रुपये नहीं लौटाने पड़ेंगे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध शस्त्र बरामद कर लिया है। साथ ही 20 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले पर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि अपराध छिपाने के लिए रची गई झूठी साजिशों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीतापुर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की झूठी या भ्रामक सूचना पुलिस को न दें। ऐसी घटनाओं से पुलिस का समय और संसाधन दोनों बर्बाद होते हैं, जिससे वास्तविक पीड़ितों तक मदद पहुंचाने में बाधा उत्पन्न होती है।

Post a Comment

और नया पुराने
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...