प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आसपुर देवसरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार 04 सितम्बर 2021 को थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के ग्राम कोपा के पास सड़क किनारे पुलिया के पास 15 बोरों में लगभग साढ़े सात कुंतल गोवंशीय मांस बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस को अन्य प्रांतों में बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे। इस मामले में थाना आसपुर देवसरा में मु0अ0सं0 217/21 धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम व 429 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी प्रकरण में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बिनैका स्थित बंद कोल्ड स्टोर के पास से रामसुन्दर पुत्र संतराम निवासी डेईडीह धौरहरा थाना पट्टी जनपद प्रतापगढ़ (उम्र लगभग 31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। अभियुक्त के खिलाफ जनपद में पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, डकैती का प्रयास तथा गोवध निवारण अधिनियम जैसी धाराएं शामिल हैं।
थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अवधराज यादव, उपनिरीक्षक शिवम त्रिपाठी, कांस्टेबल अजीत चौहान और कांस्टेबल नन्दकिशोर की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
إرسال تعليق