11 साल पहले हुई थी शादी, भाई का आरोप—घरेलू विवाद के बाद ससुराल पक्ष ने मिलकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस से कार्रवाई की मांग।
शाहजहांपुर | ब्यूरो रिपोर्ट
शाहजहांपुर जनपद के थाना बंडा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद के चलते एक विवाहिता को आग से झुलसाने का आरोप उसके पति और ससुराल पक्ष पर लगा है। पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के भाई सत्यपाल ने बताया कि उसकी बहन की शादी लगभग 11 वर्ष पूर्व राजीव कुमार पुत्र रामनरेश निवासी कल्याणपुर भारती के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसकी बहन के साथ लगातार दुर्व्यवहार और प्रताड़ना करते रहे।
सत्यपाल के अनुसार, उसने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया और परिवार में प्रेमपूर्वक रहने की सलाह दी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले फोन कर कहा गया था कि यदि बहन को ले जाना है तो आकर ले जाएं, अन्यथा उसे घर से निकाल दिया जाएगा। जब वह तत्काल नहीं पहुंच सका, तो आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष ने मिलकर उसकी बहन को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद उसे फोन कर कहा गया कि आकर अपनी बहन को ले जाए।
सूचना मिलते ही सत्यपाल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से झुलसी अपनी बहन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होगी।
إرسال تعليق