देशराज।। लखनऊ।। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है और अवैध शराब के कारोबारियों व संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
थाना माल पुलिस ने अपने क्षेत्र में होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने, शराब के नशे में उत्पात मचाने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सूत्रों ने यह भी बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और देर रात तक पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Post a Comment