⚡ ब्रेकिंग News

भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर निकली भक्त प्रहलाद जी की भव्य शोभा यात्रा


हरदोई || संवाददाता वैभव श्रीवास्तव || होली के पावन और उल्लासमय अवसर पर जनपद में आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम दृश्य देखने को मिला। प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति के तत्वावधान में भक्त प्रहलाद जी की प्रथम भव्य शोभा यात्रा दिव्यता, श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुई। आयोजन ने नगरवासियों के हृदय में सनातन परंपरा के प्रति नई चेतना का संचार किया।

आवास विकास कॉलोनी स्थित सामुदायिक पार्क से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं विधि-विधान के साथ शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। काशी विश्वनाथ धाम से पधारे पूज्य डमरू बाबा एवं समिति के सचिव शत्रुघ्न द्विवेदी ने विधिवत पूजन कर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान वातावरण “नारायण-नारायण” और “जय भक्त प्रहलाद” के जयघोष से गूंज उठा।

सुसज्जित रथ पर विराजमान भक्त प्रहलाद जी की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मंगलध्वनि ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यह शोभा यात्रा श्रद्धा की सजीव सरिता बनकर जन-जन के मन को पावन करती चली गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भक्ति भाव प्रकट किया।

समिति के अध्यक्ष शिवम द्विवेदी ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सतयुग के पश्चात कलयुग में इस प्रकार की शोभा यात्रा का यह प्रथम आयोजन है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि यह परंपरा अब प्रतिवर्ष इसी भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा के साथ निरंतर जारी रहेगी।

कार्यक्रम में एडवोकेट कुमुदनी देवी तिवारी, समिति की कोषाध्यक्ष समता शर्मा (एडवोकेट), सुमित द्विवेदी, अभिषेक तिवारी (एडवोकेकेट), डॉ. के.के. तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष सरोज सिंगल, जिला महामंत्री ज्योति बघेल उर्फ हर्षिता, पूजा गुप्ता, रानी अग्निहोत्री, दिवाकर मिश्रा, सुनील त्रिपाठी, अभिनेता सनी पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती एवं डॉ. चित्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता और अनुशासित व्यवस्था ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। भक्ति, उत्साह और सामाजिक समरसता के इस अद्भुत संगम ने नगर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर दिया।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...