चित्रकूट || संवाददाता विक्रम कुमार ||
महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, एसपी अरुण कुमार सिंह ने सोमनाथ चर मंदिर पहुंचकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजामहाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद चित्रकूट में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव की आराधना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने प्रसिद्ध सोमनाथ चर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं सुरक्षा की कामना की।
महाशिवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस बल को सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की हिदायत दी गई।
मंदिर परिसर में पुलिस, पीएसी एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही थी। यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रैपुरा आशुतोष तिवारी, पीआरओ पंकज तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। प्रशासन की सतर्कता एवं पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होता नजर आया।
जनपदवासियों ने भी पुलिस प्रशासन की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों से उन्हें सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना करने का अवसर मिला।
रिपोर्ट – विक्रम कुमार चित्रकूट
إرسال تعليق