जिला संवाददाता : सत्य प्रकाश शुक्ला
सीतापुर। श्रावण मास में शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बिसवां स्थित प्राचीन पत्थर शिवाला मंदिर और चहलारी घाट का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, घाट और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, प्रभावी बैरिकेडिंग कराने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर और घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रावण मास के दौरान प्रत्येक व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें