संवाददाता ज्ञानू मिश्रा
सीतापुर। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नैमिषारण्य पुलिस ने जुए के एक अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 मोटरसाइकिलें, ₹13,000 की नकदी तथा 52 ताश के पत्ते बरामद कर जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मणगंज मोड़ के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानू निवासी जनपद सीतापुर तथा प्रदीप निवासी जनपद हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के कब्जे से जुए में प्रयुक्त नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान मौके पर खड़ी बुलेट, पल्सर, अपाचे समेत कुल 15 मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर दिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें