मछरेहटा हादसे के बाद पुलिस की समझाइश से शांत हुआ हंगामा, भारी पुलिस बल रहा तैनात
सीतापुर | मछरेहटा कस्बे में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्ची की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन किया और मिश्रिख तिराहे पर सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
गौरतलब है कि गुरुवार को मछरेहटा–मिश्रिख रोड पर प्रधान मेडिकल स्टोर के पास एक ट्रक बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद केबल में फंसने से सोलर प्लांट के लगभग चार पोल एक साथ गिर पड़े। इसी दौरान कजियारा निवासी राजू बहेलिया की पुत्री **सूबी** अपनी मां सरोजनी के साथ बाजार जा रही थी। पोल की चपेट में आने से सूबी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां सरोजनी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर कस्बे पहुंचे तो उन्होंने मुआवजे की मांग करते हुए मिश्रिख तिराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क जाम करने की कोशिश भी की गई।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई और प्रशासनिक स्तर पर मांगों के संबंध में आश्वस्त किया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पुलिस की मौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
एक टिप्पणी भेजें