उत्कर्ष शुक्ला ने 92% अंक के साथ किया टॉप, मेधावी छात्रों का कॉलेज प्रबंधन ने किया सम्मान
अटरिया/सीतापुर | जिला संवाददाता विकास मिश्रा
अटरिया क्षेत्र स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जगदीशपुर कुंवरपुर में बीए चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद खुशी का माहौल है। कॉलेज के एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार अंक प्राप्त किए हैं, जिससे न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
घोषित परीक्षा परिणाम के अनुसार उत्कर्ष शुक्ला ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं अंशिका सिंह एवं अनामिका शुक्ला ने 91-91 प्रतिशत, उर्वशी एवं शिवम शुक्ला ने 90-90 प्रतिशत, मोहम्मद हनीफ एवं पवन ने 89-89 प्रतिशत,अवनी दीक्षित ने 87 प्रतिशत तथा प्रज्ञा सिंह ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
परिणाम घोषित होते ही कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक जय सिंह ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रॉयल कॉलेज ऑफ एजुकेशन हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं मार्गदर्शन देकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
कॉलेज परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।
एक टिप्पणी भेजें