संवाददाता देशराज
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के आठवें एवं अंतिम बड़े मंगल के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद कोतवाली परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का आयोजन मलिहाबाद पुलिस टीम द्वारा थाना परिसर के सामने स्थित मंदिर पर किया गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।भंडारे के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एवं पुलिसकर्मियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया। प्रसाद में कढ़ी-चावल, बूंदी के लड्डू सहित अन्य व्यंजन शामिल रहे। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भंडारे में पहुंचती रही।
इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। भजनों और धार्मिक गीतों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। आयोजन ने सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना को भी मजबूती प्रदान की।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस विभाग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करते हैं।
एक टिप्पणी भेजें