पारा क्षेत्र की फैक्ट्री में 32 वर्षीय कर्मचारी की मौत, सूचना न देने पर परिजनों का हंगामा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
(जिला संवाददाता देशराज) लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित एक प्लाई फैक्ट्री में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दीपू पाल, निवासी दोना विशेश्वर खेड़ा, काकोरी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक की लापरवाही के कारण दीपू पाल की करंट लगने से मौत हुई। उनका यह भी कहना है कि घटना सुबह हुई, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने समय रहते परिवार को इसकी सूचना नहीं दी।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
إرسال تعليق