जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटली गांव के पास नेशनल हाईवे एनएच-771 पर मानवता की एक मिसाल देखने को मिली, जहां एक गंभीर रूप से घायल गाय को सुरक्षित उपचार के लिए गौशाला तक पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक गाय घायल अवस्था में पड़ी हुई थी, जिनका किसी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में उनके दोनों आगे के पैर टूट गए थे और वह तड़प रही थी। इस घटना की सूचना युवा एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार तिवारी को जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ पवन तिगुनाइत द्वारा मैसेज के माध्यम से दी गई।
सूचना मिलते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिना विलंब किए जिला उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे से संपर्क किया और संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। तत्परता दिखाते हुए अभिषेक पांडे ने तत्काल बदलापुर के उपजिलाधिकारी (SDM) को सूचना दी।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। एसडीएम के निर्देश पर बीडीओ को मौके पर भेजा गया। बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जेसीबी व पिकअप वाहन की व्यवस्था कर घायल गौ को सुरक्षित रूप से उठवाकर उपचार हेतु नजदीकी गौशाला पहुंचाया गया।
इस सराहनीय पहल के चलते जहां एक ओर गौ माता को नया जीवन मिला, वहीं दूसरी ओर युवा एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन की संवेदनशीलता और सक्रियता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
जौनपुर जिले के अधिकारियों ने भी इस नेक कार्य के लिए संगठन की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें, तो हर जीवन की रक्षा संभव है।
Post a Comment