ब्रेकिंग न्यूज़ | उन्नाव में हड़कंप
उन्नाव। जनपद में अवैध शराब के काले कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ा शिकंजा कसते हुए सनसनीखेज कार्रवाई की है। बीघापुर तहसील के थाना बिहार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केदारखेड़ा और गुलरिया में आबकारी टीम ने अचानक दबिश देकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह (क्षेत्र-5 बीघापुर) अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जैसे ही टीम गांव में दाखिल हुई, अवैध शराब कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। छापेमारी के दौरान टीम ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जिसे बेचने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से इलाके में कच्ची शराब का गुप्त कारोबार चल रहा था, जिसकी सूचना विभाग को लगातार मिल रही थी। टीम ने मौके पर शराब बनाने से जुड़े उपकरण भी खंगाले और आसपास के संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली।
दोनों आरोपित महिलाओं के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है। ग्रामीणों में भी दहशत और हलचल का माहौल बना हुआ है।
जिला संवाददाता — अमर आनंद सिंह, उन्नाव

إرسال تعليق