संवाददाता ज्ञानू मिश्रा
सीतापुर। जिले के पिसावां ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय सिकन्दरपुर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय में एआरपी (ARP) के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक प्रमोद गौतम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि बेहोश होने के बाद उनकी नाक और आंख से खून निकलने लगा। विद्यालय स्टाफ ने बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रमोद गौतम की नियुक्ति वर्ष 2015 में सहायक अध्यापक के पद पर हुई थी। वह मूल रूप से हापुड़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में पिसावां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिकन्दरपुर में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। शिक्षक की आकस्मिक मौत से विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।
फिलहाल शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एक टिप्पणी भेजें