दुगाना यूरिया केंद्र पर किसानों का हंगामा, कई दिनों से लगा रहे चक्कर, फसलों पर मंडरा रहा संकट
संवाददाता शिवगोपाल दीक्षित
दुगाना (सीतापुर)। जनपद सीतापुर के थाना क्षेत्र सकरन अंतर्गत दुगाना न्याय पंचायत स्थित यूरिया वितरण केंद्र पर किसानों को ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद समय पर यूरिया उपलब्ध न होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल रही है और बार-बार केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।किसानों के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग की पुष्टि होने के बावजूद केंद्र पर पहुंचने पर उन्हें "आज नहीं, कल आना" कहकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि समय पर यूरिया न मिलने से फसलों की देखभाल प्रभावित हो रही है और उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई किसान लगातार कई दिनों से केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कुछ किसानों का कहना है कि खाद मिलने की प्रतीक्षा में उनकी बुकिंग की अवधि समाप्त होने की नौबत आ जाती है, जिसके बाद उन्हें पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ती है।
किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराकर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाने की अपील की है, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और उनकी फसलें प्रभावित न हों।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
إرسال تعليق